सगे भाइयों का गिरोह बेनकाब,टेंट हाउस का लाखों का सामान चोरी,एक फरार दो गिरफ्तार।
पानउमरिया में भी वारदात कबूली,ढीमरखेड़ा पुलिस ने 3.50 लाख का साउंड सिस्टम किया बरामद,पहाड़ी के खंडहर से मिली सफलता।
ढीमरखेड़ा,ग्रामीण खबर MP।
जिले में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ढीमरखेड़ा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टेंट हाउस का कीमती साउंड सिस्टम और अन्य उपकरण चोरी करने वाले सगे भाइयों के गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 3 लाख 50 हजार रुपये कीमत का सामान जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ढीमरखेड़ा निरीक्षक अभिषेक चौबे के नेतृत्व में टीम गठित कर मामले की गंभीरता से जांच की गई।
घटना के संबंध में 19 फरवरी 2026 को फरियादी अनिल पटेल पिता लक्ष्मी पटेल, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम ढीमरखेड़ा, थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात ग्राम पोड़ीकला स्थित सूरदास आश्रम में लगे उनके टेंट से अज्ञात चोर साउंड सिस्टम एवं अन्य मशीनें चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपये बताई गई थी। पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की।
तफ्तीश के दौरान मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 20 फरवरी 2026 को आरोपी मनीष कुर्मी पिता मुकेश कुर्मी, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम महनेर को महनेर पहाड़ी स्थित एक खंडहर मकान से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन, माइक स्टैंड एवं अहूजा कंपनी का एम्पलीफायर बरामद किया गया।
इसके बाद पुलिस ने परदेशी पिता कमलेश कोल, उम्र 22 वर्ष, निवासी उमरियापान (कुदवारी मोहल्ला) को गिरफ्तार किया। उसके पास से हेड ऑप्टर मशीन बॉस कंपनी, डीडी-3 डिजिटल मशीन, दो हरे रंग की केबल, स्टूडियो मास्टर मिक्सर मशीन, मिक्स मशीन 182, मास प्लेट मशीन और ऑडियो मेकर मशीन सहित अन्य साउंड उपकरण जब्त किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने थाना पानउमरिया क्षेत्र में भी चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले में तीसरा आरोपी गोलू कुर्मी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
उल्लेखनीय है कि पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे, उपनिरीक्षक सुरेश चौधरी, प्रधान आरक्षक दीपक श्रीवास, आरक्षक पंकज सिंह, आरक्षक अजय धुर्वे, आरक्षक देवेंद्र अहिरवार एवं आरक्षक कमोद कोल की विशेष भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।

