शहर में कांग्रेस संगठन को मजबूती,चार वार्डों में सर्वसम्मति से गठित हुई वार्ड कमेटियां।
जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष अमित शुक्ला के नेतृत्व में वार्ड भ्रमण,कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह।
कटनी,ग्रामीण खबर MP।
शहर कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष अमित शुक्ला के नेतृत्व में वार्ड कमेटी गठन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत शहर के विभिन्न वार्डों का व्यापक दौरा किया गया, जहां कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की दिशा में संगठनात्मक गतिविधियों को गति दी गई।
दौरे के दौरान बाल गंगाधर तिलक वार्ड, बिरसा मुंडा वार्ड, लाल बहादुर शास्त्री वार्ड एवं राममनोहर लोहिया वार्ड में सर्वसम्मति से वार्ड कमेटियों का गठन किया गया। वार्ड स्तर पर गठित इन कमेटियों को संगठन की रीढ़ बताते हुए नेताओं ने कहा कि यही कार्यकर्ता जनता और संगठन के बीच सेतु का कार्य करेंगे।
वार्ड कमेटी गठन कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पार्टी पदाधिकारियों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। प्रत्येक वार्ड में नवनिर्वाचित वार्ड अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों का वार्डवासियों द्वारा फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। कार्यक्रम स्थल पर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला, जहां कार्यकर्ताओं ने संगठन के प्रति अपनी निष्ठा और प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शहर अध्यक्ष अमित शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव आम जनता के हितों की आवाज़ रही है। पार्टी का उद्देश्य है कि जनसमस्याओं को संगठित रूप से शासन-प्रशासन तक पहुंचाया जाए और उनके समाधान के लिए निरंतर संघर्ष किया जाए। उन्होंने कहा कि वार्ड कमेटियों के गठन से कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां मिली हैं, जिससे जनता की समस्याओं को और अधिक मजबूती के साथ उठाया जा सकेगा।
श्री शुक्ला ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय, अनुशासन और सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि बूथ और वार्ड स्तर पर संगठन जितना मजबूत होगा, जनता के बीच पार्टी की पकड़ उतनी ही सशक्त होगी।
इस अवसर पर विधानसभा प्रभारी राजेश चौबे ने कहा कि वार्ड कमेटियों का गठन आगामी चुनावों की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे संगठन को दिशा और कार्यकर्ताओं को उद्देश्य मिलेगा। वहीं ब्लॉक अध्यक्ष राजेश जाटव ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनसेवा के संकल्प के साथ मैदान में उतरें और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरें।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर कांग्रेस संगठन को सशक्त बनाने, जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने तथा आगामी चुनावों में पार्टी को मजबूती प्रदान करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष अमित शुक्ला, विधानसभा प्रभारी राजेश चौबे, ब्लॉक अध्यक्ष राजेश जाटव, दिग्विजय सिंह, संजय गुप्ता, मुन्ना कुशवाहा, अभय खरे, तुलाराम गोटिया, अनुराग दहिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी। संपर्क:9977110734
