महिलाओं पर टिप्पणी के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा का जोरदार प्रदर्शन,कांग्रेस विधायक फूलसिंह बरैया का पुतला दहन।
आपत्तिजनक बयान को मातृशक्ति का अपमान बताते हुए तत्काल बर्खास्तगी व सार्वजनिक माफी की उठी मांग।
कटनी,ग्रामीण खबर MP।
भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा जिला कटनी के तत्वावधान में शनिवार सायं शहर के थाना तिराहा पर कांग्रेस विधायक फूलसिंह बरैया के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। महिलाओं के प्रति की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर आक्रोशित महिला मोर्चा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विधायक का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान प्रदर्शन स्थल पर भारी संख्या में भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे और महिलाओं के सम्मान के समर्थन में जमकर नारेबाजी की गई।
प्रदर्शन के दौरान महिला मोर्चा पदाधिकारियों ने विधायक बरैया के बयान को निंदनीय, शर्मनाक और महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला बताया। महिला मोर्चा ने मांग की कि ऐसे गैर-जिम्मेदाराना बयान देने वाले जनप्रतिनिधि को तत्काल पद से बर्खास्त किया जाए तथा कांग्रेस पार्टी सार्वजनिक रूप से माफी मांगे।
पुतला दहन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टण्डन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास महिलाओं के अपमान से भरा रहा है। समय-समय पर कांग्रेस के नेता इस प्रकार के बयान देकर अपनी मानसिकता को उजागर करते रहे हैं। विधायक फूलसिंह बरैया के बयान ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि कांग्रेस की सोच महिलाओं के सम्मान के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति के प्रति इस तरह की टिप्पणी किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हो सकती। ऐसे बयान देने वाले जनप्रतिनिधि पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए और कांग्रेस पार्टी को इस विषय पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सीमा जैन ने अपने संबोधन में कहा कि विधायक बरैया की टिप्पणी केवल एक व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं बल्कि देश की आधी आबादी, माताओं और बहनों का सीधा अपमान है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वाभिमान के लिए सदैव प्रतिबद्ध रही है। ऐसे व्यक्ति का विधानसभा में बने रहना लोकतंत्र और समाज दोनों के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने मांग की कि विधायक को तत्काल विधानसभा से बर्खास्त किया जाए ताकि समाज में कोई गलत संदेश न जाए।
जिला उपाध्यक्ष अंकिता तिवारी ने कहा कि यह आंदोलन फिलहाल प्रतीकात्मक है, लेकिन यदि कांग्रेस पार्टी और शासन स्तर पर शीघ्र कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो महिला मोर्चा को मजबूर होकर उग्र आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं के सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और संगठन इस मुद्दे को सड़क से सदन तक उठाएगा।
पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में महिलाओं के सम्मान की रक्षा का संकल्प दोहराया। प्रदर्शन स्थल पर जोरदार नारेबाजी के बीच कांग्रेस विधायक फूलसिंह बरैया के पुतले को आग के हवाले किया गया, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टण्डन, महापौर प्रीति सूरी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामरतन पायल, पूर्व विधायक अलका जैन, जिला महामंत्री सुखदेव चौधरी, जिला उपाध्यक्ष सुनील उपाध्याय, रवि खरे, अंकिता तिवारी, सीमा जैन सोगानी, जिला मंत्री आशीष गुप्ता बाबा, मनीष दुबे, संदीप दुबे, वरिष्ठ नेता नंदू बसरानी, कैलाश जैन, सत्यनारायण अग्रहरि, कंजे जैन, कार्यालय मंत्री अम्बरीष वर्मा, आशुतोष शुक्ला, यज्ञदत्त मिश्रा, मंडल अध्यक्ष संजू गर्ग, कौशलेश मिश्रा, सौरभ अग्रवाल, ऋचा गेलानी, गीता गुप्ता, नीरा सेठिया, पार्षद सुमित्रा रावत, प्रभा गुप्ता, संगीता जायसवाल, आकांक्षा बरसैया, ज्योत्सना सोनी, रेखा यादव, शिब्बू साहू, अवकाश जायसवाल, गोविंद चावला, दीपक तिवारी, सिराजुद्दीन नाजू, आशीष मिश्रा, नितिन बिलैया, अभिषेक शर्मा, शांतनु दत्ता, मंदीप पायल, मंटू गुप्ता, दिनेश भदौरिया, मनोज तिवारी, रुद्र श्रीवास, अक्षय श्रीवास्तव, अजय माली, विमल साहू, सुमित जायसवाल, अतिन अग्रवाल, पारस जैन, शुभ सोनी, अरशिव सेन, दीपक कुशवाहा, शिवम मिश्रा, प्रखर द्विवेदी, सन्नी कर्मचंदानी, अखिलेश दुबे, अविनाश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपाजन मौजूद रहे।
महिला मोर्चा पदाधिकारियों ने अंत में स्पष्ट किया कि यदि महिलाओं के सम्मान के साथ खिलवाड़ करने वाले बयानों पर राजनीतिक दल चुप्पी साधे रहेंगे तो इसका करारा जवाब लोकतांत्रिक और संगठनात्मक तरीके से दिया जाता रहेगा।







