ऑल इंडिया फारवर्ड ब्लाक मध्यप्रदेश की कोर कमेटी गठित, कटनी से अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी बनीं सचिव।
सतना में हुई प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जन्म शताब्दी को भव्य रूप से मनाने एवं प्रतिमाएं स्थापित करने पर बनी रणनीति।
कटनी,ग्रामीण खबर MP।
ऑल इंडिया फारवर्ड ब्लाक मध्यप्रदेश की प्रदेश कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक सतना स्थित संत नगर बगहा में रेलवे अधिकारी बहन शारदा त्रिपाठी के निज निवास पर आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य 23 जनवरी 2026 को आजाद हिन्द फौज के संस्थापक एवं महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जन्म शताब्दी को प्रदेश भर में व्यापक स्तर पर मनाने, विभिन्न जिलों में उनकी प्रतिमाएं स्थापित करने तथा उनके विचारों व सपनों को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति तैयार करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ नेताजी सुभाषचंद्र बोस के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। बैठक ऑल इंडिया फारवर्ड ब्लाक मध्यप्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र सिंह करचुली की अध्यक्षता में प्रारंभ हुई। बैठक में पूर्व में गठित प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की निष्क्रियता को दृष्टिगत रखते हुए उसे भंग करने का निर्णय लिया गया। यह निर्णय राष्ट्रीय सचिव अमरीश सिंह के निर्देशानुसार एवं उपस्थित सभी सम्मानित पदाधिकारियों की सर्वसम्मति से लिया गया।
इसके पश्चात नई कोर कमेटी का गठन किया गया, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नागेंद्र सिंह करचुली, महासचिव के रूप में वरिष्ठ अधिवक्ता एवं आजाद हिन्द फौज संगठन के मुख्य सूत्रधार अरुण प्रताप सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई। उपाध्यक्ष पद पर वरिष्ठ दादा सुखनंदन सिंह गहरवार, उपाध्यक्ष के रूप में मातृशक्ति बहन सलमा सौदागर, कोषाध्यक्ष पद पर शारदा त्रिपाठी तथा कटनी जिले से शामिल समाजसेवी व अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी को सचिव पद पर नियुक्त किया गया।
बैठक में संगठन की प्राथमिक सदस्यता अभियान पर विशेष चर्चा की गई तथा अन्य जिलों में संगठन का विस्तार करने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमाएं विभिन्न जिलों में स्थापित की जानी चाहिए ताकि नई पीढ़ी उनके राष्ट्रवादी विचारों से प्रेरित हो सके। साथ ही विंध्य प्रदेश के पुनः निर्माण के मुद्दे पर भी गंभीर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर नव नियुक्त सचिव रेखा अंजू तिवारी ने कहा कि कटनी जिले में नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा स्थापना हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भावी युवा पीढ़ी और ग्रामीण क्षेत्रों में सघन जनसंपर्क एवं जन-जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नेताजी के विचारों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में विशेष सहयोग देने वालों में सचिन तिवारी, राजकुमार कोल, गफ्फार खान, राघवेन्द्र सिंह, मेजर भारत सिंगर, राजेश शर्मा, सुनील कुमार नामदेव, गंगाराम साहू, सुधाकर प्रसाद गौतम, राहुल सिंह, राकेश सिंह बघेल, सूरज सिंह परिहार सहित अन्य सम्मानित पदाधिकारीगण की गरिमामय उपस्थिति रही।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने, युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने और नेताजी सुभाषचंद्र बोस के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में सामूहिक भोजन के साथ हुआ।
ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी। संपर्क:9977110734
