सावन में श्रीराम नाम का गूंजा घोष,राम बाग मंदिर में रामायण पाठ का शुभारंभ।
1953 से चली आ रही परंपरा में श्री मानस समिति के सदस्यों द्वारा किया जा रहा रामायण पाठ।
सिलौड़ी,ग्रामीण खबर mp:
ढीमरखेड़ा तहसील के अंतर्गत ग्राम सिलौंडी स्थित प्राचीन श्री राम बाग मंदिर में श्रावण मास के प्रथम दिन से ही भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है। जैसे ही सावन का पावन महीना प्रारंभ हुआ, मंदिर प्रांगण में प्रतिदिन संध्या समय श्रीरामचरितमानस का विधिवत पाठ आरंभ हो गया, जो पूरे माह अनवरत जारी रहेगा और जन्माष्टमी तक चलेगा। इस धार्मिक आयोजन की विशेष बात यह है कि यह परंपरा वर्ष 1953 से लगातार बिना रुके निभाई जा रही है।
श्री मानस समिति, जो इस आयोजन की प्रमुख संचालक संस्था है, उसके सदस्य वर्ष दर वर्ष पूरे सावन महीने में रामायण का पाठ करते हैं और ग्रामवासियों को प्रभु श्रीराम के आदर्शों से जोड़ते हैं। इस सतत आध्यात्मिक प्रयास में समिति के सदस्य – वरिष्ठ रजनीकांत राय, जयनारायण राय, सतीश राय, ज्ञानचंद्र राय, रामकिशोर राय, डॉ. राहुल राय, रामलाल काछी, राजनारायण राय, सतीश दीवान, कुंवर लाल बर्मन, स्नेहलता राय, आदित्य राय, परस राय, बाबू बर्मन आदि की महती भूमिका रही है।
प्रतिदिन रामायण पाठ से पूर्व मंदिर परिसर की विधिपूर्वक साफ-सफाई की जाती है, दीप प्रज्ज्वलन होता है, फिर मानस का पाठ आरंभ होता है। इस दौरान ग्राम के वृद्ध, युवा, महिलाएं एवं बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित होते हैं और पूरे श्रद्धाभाव से श्रीराम कथा का श्रवण करते हैं।
समिति के वरिष्ठ सदस्यों का कहना है कि यह केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि एक सामाजिक एवं सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बन चुका है। यह परंपरा न केवल आध्यात्मिक चेतना को जागृत करती है, बल्कि नई पीढ़ी को धर्म, संस्कृति और मूल्यों की शिक्षा देने का भी माध्यम बनती है।
ग्राम सिलौंडी में सावन माह के इस पावन आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। मंदिर परिसर को सजाया गया है, एवं आयोजनों में सामाजिक समरसता का भाव स्पष्ट रूप से परिलक्षित होता है।
ऐसे आयोजनों से यह सिद्ध होता है कि ग्राम्य जीवन में धार्मिक आयोजनों की कितनी गहरी जड़ें हैं और कैसे यह परंपराएं आज भी समाज को एक सूत्र में बांधे हुए हैं। श्री राम बाग मंदिर में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह रामायण पाठ ग्राम सिलौंडी की एक विशिष्ट पहचान बन चुका है, जिस पर ग्रामवासियों को गर्व है।
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी,ग्रामीण खबर mp
संपर्क सूत्र:9977110734
