किसानों का धरना तीसरे दिन भी जारी, पानी की मांग पर अड़े।
प्रशासनिक प्रयासों से पानी टेल क्षेत्र के करीब, किसानों को जल्द राहत की उम्मीद।
नटेरन, विदिशा:
नटेरन तहसील में किसानों का धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। संजय सागर बाह परियोजना के अंतर्गत नहरों को तीन महीने से लगातार चलाया जा रहा है, लेकिन टेल क्षेत्र के किसानों को अब तक पानी नहीं मिल पाया। इसके चलते रावणखाई, खाईखेड़ा, सेऊ, मूडरा, पीताम्बर, मुड़री, खैराई, बेलनारा सहित कई गांवों के किसान तहसील प्रांगण में टेंट लगाकर बैठे हैं।
प्रशासन की ओर से नटेरन एसडीएम, तहसीलदार और पुलिस के विशेष प्रयासों से पानी अब नटेरन के ऊपर तक पहुंचा है। किसानों को उम्मीद है कि प्रशासन की ओर से इसी तरह के प्रयास जारी रहे तो अगले एक-दो दिनों में टेल क्षेत्र तक पानी पहुंच सकता है।
किसानों का कहना है कि उनकी फसलें सूखने की कगार पर हैं और पानी न मिलने से उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। अब उनकी आखिरी उम्मीद प्रशासन से है कि जल्द ही पानी खेतों तक पहुंचेगा और उनकी फसलें बच सकेंगी।
शनिवार को दिन में नटेरन तहसीलदार आनंद जैन, नायब तहसीलदार और पुलिस दल ने नहर क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नहर के ऊपरी क्षेत्र के किसानों को समझाने का प्रयास किया कि टेल क्षेत्र में पहले पानी पहुंचने दिया जाए, जिससे सभी किसानों को समान रूप से लाभ मिल सके।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन लगातार प्रयासरत है, लेकिन किसानों की नाराजगी बनी हुई है। अब सभी की नजरें इस पर टिकी हैं कि कब तक टेल क्षेत्र में पानी पहुंचता है और धरने पर बैठे किसानों को राहत मिलती है।
