मकोडिया बांध और मुक्तिधाम मार्ग के निर्माण को मिली मंजूरी।

 मकोडिया बांध और मुक्तिधाम मार्ग के निर्माण को मिली मंजूरी।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष गीता रघुवंशी के प्रयास हुए सफल।

विदिशा, मध्यप्रदेश:

विदिशा जिले में मकोडिया बांध और मुक्तिधामों तक पहुंच मार्ग निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष गीता कैलाश रघुवंशी के लगातार प्रयासों के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इन परियोजनाओं को सीएम मोनिट में शामिल कर शासन को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में रौशन कुमार सिंह ने प्रस्ताव बनाकर अनुमति के लिए शासन को भेज दिया है।  

जिला पंचायत अध्यक्ष गीता कैलाश रघुवंशी ने बताया कि जिला पंचायत में प्रस्ताव पारित कर ग्रामीण यांत्रिकीय सेवा विभाग (आरईएस) के इंजीनियरों द्वारा सर्वेक्षण पूरा किया गया था। इसके बाद मुख्यमंत्री से मिलकर मुक्तिधामों तक पहुंच मार्ग निर्माण की मांग रखी गई थी। इन कार्यों पर अनुमानित लागत लगभग 45 करोड़ रुपये प्रस्तावित है।  

            सीएम मोनिट में शामिल कार्य:

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिला पंचायत अध्यक्ष गीता रघुवंशी के प्रस्तावों को सीएम मोनिट में शामिल किया है। इसमें 45 करोड़ रुपये की लागत से मुक्तिधामों तक पहुंच मार्ग सहित अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। इसके साथ ही रायसेन जिले में प्रस्तावित मकोडिया बांध का कार्य भी स्वीकृत किया गया है, जिससे विदिशा, ग्यारसपुर, गुलाबगंज, बासौदा सहित रायसेन जिले के 65,000 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।  

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उदयगिरि गुफाओं में कार्य, ग्यारसपुर और त्योंदा में डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग, गुलाबगंज कॉलेज में नए पाठ्यक्रमों की शुरुआत, किसानों की सुविधा के लिए सभी ग्राम पंचायतों में ग्रेवल सड़कों का निर्माण, और ग्यारसपुर, पठारी व गुलाबगंज को नगर पंचायत का दर्जा देने की महत्वपूर्ण मांगों को भी सीएम मोनिट में शामिल किया गया है।  

जिला पंचायत अध्यक्ष गीता कैलाश रघुवंशी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ये विकास कार्य जिले की प्रगति में मील का पत्थर साबित होंगे।  


ग्रामीण खबर एमपी विशेष संवाददाता - हाकम सिंह रघुवंशी

Post a Comment

Previous Post Next Post