कटनी जिले मैं बढ़ते आपराधिक मामलों को लेकर बहोरीबंद विधायक प्रणय प्रभात पांडेय ने भी पुलिस प्रशासन को घेरा।
कटनी और बहोरीबंद में बढ़ते अपराधों पर जताई चिंता।
बहोरीबंद,कटनी:
कटनी और बहोरीबंद क्षेत्र में लगातार बढ़ते अपराधों को लेकर अब बहोरीबंद विधायक प्रणय प्रभात पांडेय भी मुखर हो गए हैं। विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक के बाद उन्होंने भी पुलिस प्रशासन को आड़े हाथों लिया और कटनी सहित आसपास के क्षेत्रों में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने साफ कहा कि पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता के कारण अपराधी बेखौफ होते जा रहे हैं, जिससे जनता में भय और आक्रोश दोनों बढ़ रहे हैं।
विधायक प्रणय प्रभात पांडेय ने कहा कि हाल के दिनों में अपराध की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। खासकर जुआ, क्रिकेट सट्टा और अवैध वसूली का कारोबार तेजी से फल-फूल रहा है, लेकिन प्रशासन इस पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पुलिस ने जल्द से जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की, तो अपराधियों को अपने पैर पसारने में देर नहीं लगेगी और स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है।
कटनी में बढ़ते अपराधों से लोग भयभीत:
कटनी और बहोरीबंद क्षेत्र के लोग लगातार अपराधों से परेशान हैं। हाल ही में माधवनगर में एक युवा व्यापारी पर हुए जानलेवा हमले के बाद से स्थानीय लोगों में जबरदस्त आक्रोश है। इस घटना ने व्यापारियों और आम जनता को झकझोर कर रख दिया है। इसी मुद्दे पर पहले विधायक संदीप जायसवाल, फिर विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक और अब बहोरीबंद विधायक प्रणय प्रभात पांडेय ने भी पुलिस प्रशासन को कठघरे में खड़ा किया है।
अपराधियों पर नकेल कसने की मांग:
विधायक श्री पांडेय ने पुलिस को चेताते हुए कहा कि प्रशासन को अब और लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। उन्होंने बाकल और स्लीमनाबाद में हुई अनेकों बड़ी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन मामलों का अब तक समाधान नहीं हो सका है, जिससे कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस को तत्काल सक्रिय होकर अपराधियों पर नकेल कसनी चाहिए। यदि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में स्थिति और भी भयावह हो सकती है।
जनता में पुलिस के प्रति अविश्वास बढ़ा:
क्षेत्र में लगातार बढ़ते अपराधों के चलते पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। जनता का भरोसा प्रशासन से उठता जा रहा है। विधायक श्री पांडेय ने कहा कि यदि पुलिस ने अवैध वसूली, जुआ, सट्टा और संगठित अपराधों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की, तो जनता का आक्रोश और बढ़ सकता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था को बनाए रखना पुलिस की पहली जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विधायक की प्रशासन को दो टूक चेतावनी:
विधायक प्रणय प्रभात पांडेय ने दो टूक शब्दों में कहा कि अपराधों को लेकर पुलिस की निष्क्रियता अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने अपराधियों पर शिकंजा नहीं कसा, तो वह खुद जनता के साथ सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
उन्होंने पुलिस से अपेक्षा की है कि वह जल्द से जल्द कार्रवाई कर जनता का विश्वास बहाल करे। वरना जनता का आक्रोश और बढ़ सकता है, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह प्रशासन की होगी।