बारह दिनों से हाईवे किनारे लगातार चल रहा भंडारा,हजारों यात्रियों की हो रही सेवा।
महाकुंभ प्रयागराज जाने वाले यात्रियों के लिए सेवा।
भाजयुमो जिला अध्यक्ष राजमणि सिंह बघेल का
आयोजन।
रात्रि विश्राम, भोजन, स्नान की नि:शुल्क व्यवस्था।
गाँधीग्राम,जबलपुर:
राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 जबलपुर-सिहोरा हाईवे पर गांधीग्राम तिराहे पर सेवा और मानवता का एक अनूठा उदाहरण देखने को मिल रहा है। यहां पर भाजयुमो जिला अध्यक्ष राजमणि सिंह बघेल के संयोजन में लगातार 12 दिनों से भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। इस सेवा में महाकुंभ प्रयागराज जाने और आने वाले यात्रियों के लिए स्वल्पाहार, भोजन, चाय, पानी की नि:शुल्क व्यवस्था की गई है।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए, रात्रि विश्राम करने वालों के लिए प्रसाधन, सोने के कपड़े, स्नान की सुविधा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
भंडारे में हजारों लोगों को भोजन:
इस भंडारे में मध्यप्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, गुजरात, कर्नाटक सहित विभिन्न राज्यों से आने वाले हजारों यात्री भोजन कर मुक्त कंठ से प्रशंसा कर रहे हैं। इस विशाल भंडारे के संचालन के लिए विशेष व्यवस्था की गई है, जिसमें एक बार में 5000 लोगों का भोजन तैयार करने के लिए बड़े-बड़े बर्तनों का उपयोग किया जा रहा है।
भक्तों की टीम सेवाकार्य में जुटी हुई है, जहां बड़े कड़ाहों में भोजन तैयार किया जाता है। एक कड़ाह में एक बार में 50 किलो चावल पकाया जाता है, जबकि बड़ी करहैयों में 50 पूरियां एक साथ तली जाती हैं। यह सेवा दिनभर और देर रात तक जारी रहती है।
जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति:
भंडारे के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष राजकुमार पटेल, पाटन विधायक अजय बिश्नोई, पनागर विधायक इंदु तिवारी, सिहोरा विधायक संतोष बरकड़े और नीरज सिंह ठाकुर अपने परिवार सहित यहां पहुंचे और सेवा कार्य का अवलोकन किया।
भाजयुमो जिला अध्यक्ष राजमणि सिंह बघेल ने कहा कि महाकुंभ प्रयागराज जाने वाले यात्रियों के लिए इस सहयोग और सेवाभाव से उन्हें और उनकी पूरी टीम को आत्मिक सुख की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा करना ही सच्चा धर्म है और इस भाव से यह कार्य अनवरत जारी रहेगा।