जिले भर में हर्षाेल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
मुख्य समारोह में परिवहन एवं स्कूल शिक्षा और कटनी जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने किया ध्वजारोहण
आन-बान-शान से लहराया तिरंगा
कटनी:-देश की स्वतंत्रता का पर्व 15 अगस्त जिले भर में हर्षाेल्लास, धूमधाम और उत्साह से मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस पर जिले का मुख्य समारोह जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन ग्राउंड झिंझरी में आयोजित किया गया। जहां भव्य एवं गरिमामय समारोह में प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री और कटनी जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली।
ध्वजारोहण के उपरांत मुख्य अतिथि श्री सिंह ने खुली सफेद जिप्सी में कलेक्टर दिलीप कुमार यादव और पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन के साथ परेड का निरीक्षण किया। इस मौके पर प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन भी किया। सशस्त्र बलों द्वारा हर्ष फायर किए गए और पुलिस बैंड ने राष्ट्रगान की धुन बजाई। मुख्य अतिथि उदय प्रताप सिंह ने तिरंगे के तीन रंगों के गुब्बारे गगन में मुक्त किए।
समारोह में सुरक्षा बलों द्वारा आकर्षक और शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया।परेड कमांडर सूबेदार रविन्द्र सिंह और टू आई सी सूबेदार उमेश दुबे के नेतृत्व में विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल पुरुष और जिला पुलिस बल महिला, होमगार्ड, शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय के एन सी सी एवं शासकीय कन्या महाविद्यालय की एन सी सी गर्ल्स, वार्डस्ले स्कूल गाइड, वार्डस्ले स्कूल स्काउट, सी एम राइज स्कूल के स्काउट एवं गाइड सहित पुलिस बैंड दल, शौर्या दल की प्लाटून शामिल थीं।
उत्कृष्ट परेड पर ये हुए पुरस्कृत
समारोह स्थल में प्रदर्शित किए गए परेड के आधार पर निर्णायक मंडल के निर्णय के आधार पर नगर सेना होमगार्ड कटनी को प्रथम , विशेष सशस्त्र बल प्लाटून कमांडर द्वितीय, जिला पुलिस बल पुरुष तृतीय स्थान पर रही। वहीं महाविद्यालय और स्कूल संवर्ग के परेड में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माधवनगर को प्रथम,सी एम राइज माडल स्कूल और वार्डस्ले गर्ल्स हायर सेकेण्डरी हिंदी मीडियम स्काउट को संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान तथा शासकीय कन्या महाविद्यालय को परेड के लिए तृतीय स्थान मिला है।
आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में छात्रों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां हुईं। छात्रों द्वारा प्रस्तुत किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल और आनलाइन वोटिंग के आधार पर शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माधवनगर को प्रथम, सी एम राइज स्कूल कटनी को द्वितीय और शासकीय कन्या शिक्षा परिसर सरसवाही को तृतीय तथा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गणेश चौक सिविल लाइन को सांत्वना पुरस्कार से नवाजा गया।
लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री और कटनी जिले के प्रभारी मंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारजनों तथा लोकतंत्र सेनानियों का शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया।

.jpeg)

