सिलौंडी में 60 दिनों से गूंज रहा श्री सीताराम नाम,अखंड श्री सीताराम संकीर्तन ने पूरे गांव को किया भक्तिमय।
भक्तों की इच्छा पर निरंतर जारी रहेगा संकीर्तन,बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने श्री पंचमुखी दरबार में विकास कार्यों के लिए राशि देने की घोषणा की।
सिलौंडी। श्री पंचमुखी दरबार के तत्वावधान में ग्राम सिलौंडी में 28 जुलाई 2026 से प्रारंभ हुआ अखंड श्री सीताराम संकीर्तन निरंतर भक्ति और श्रद्धा के साथ जारी है। संकीर्तन के 60 दिन पूर्ण होने के अवसर पर भी श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और आस्था का वातावरण देखने को मिला। ग्रामीणों एवं भक्तों के सहयोग से लगातार चल रहे इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन श्रद्धालु पहुंचकर श्री सीताराम नाम का जाप कर रहे हैं।
अखंड श्री सीताराम संकीर्तन का आयोजन ग्रामीणों के लिए आध्यात्मिक एकता और सामूहिक भक्ति का माध्यम बन गया है। सुबह से लेकर देर तक श्रीराम नाम के संकीर्तन से श्री पंचमुखी दरबार परिसर भक्तिमय बना रहता है। ग्रामीणजन अपनी-अपनी सहभागिता निभाते हुए इस धार्मिक आयोजन को निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं।
आयोजन से जुड़े श्रद्धालुओं ने बताया कि भक्तों की इच्छा और आस्था को देखते हुए अखंड श्री सीताराम संकीर्तन को अभी समाप्त नहीं किया जाएगा। सभी भक्तों की सहमति और सहयोग से यह संकीर्तन आगे भी निरंतर चलता रहेगा। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार दो माह से चल रहे इस आयोजन से गांव में धार्मिक वातावरण के साथ आपसी भाईचारे और एकता की भावना भी मजबूत हुई है।
अखंड श्री सीताराम संकीर्तन में बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह भी अपने साथियों के साथ शामिल हुए। उन्होंने श्री पंचमुखी दरबार पहुंचकर भगवान श्री सीताराम के दर्शन किए तथा संकीर्तन में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर आयोजन की जानकारी ली और धार्मिक आयोजन के प्रति अपनी सहभागिता व्यक्त की।
विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने श्री पंचमुखी दरबार में आवश्यक विकास कार्यों को लेकर भी घोषणा की। उन्होंने सामुदायिक भवन, बाउंड्रीवाल सहित अन्य आवश्यक कार्यों के लिए राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। विधायक की घोषणा पर ग्रामीणों एवं उपस्थित श्रद्धालुओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनका आभार जताया।
ग्रामीणों ने बताया कि श्री पंचमुखी दरबार क्षेत्र में सामुदायिक भवन एवं बाउंड्रीवाल सहित अन्य विकास कार्य होने से धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ ग्रामीणों को भी सुविधाएं मिलेंगी। इससे आने वाले समय में यहां आयोजित होने वाले धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों को बेहतर ढंग से संपन्न कराने में सुविधा होगी।
दो माह पूरे होने के अवसर पर भी संकीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। श्री सीताराम नाम के निरंतर जाप से पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया। ग्रामीणों का कहना है कि यह आयोजन किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे ग्रामवासियों और श्रद्धालुओं के सामूहिक सहयोग एवं आस्था का परिणाम है।
आयोजन के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष सिंह बागरी, नरेंद्र त्रिपाठी, अजय सोनी, सिलौंडी सरपंच पंचो संतोष कुमार, एससी मोर्चा मंडल अध्यक्ष संतोष वंशकार, पूर्व मंडल उपाध्यक्ष मोती हल्दकार, मंडल महामंत्री सोनू गौतम, मनोरमा राय, रवि राय, अन्नू पाल, किशोरी गाडरी, महेंद्र गाडरी, आनंद साहू, अवधेश हल्दकार, मोहन गाडरी, मुस्की, वीरेंद्र, बिहारी गाडरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने बताया कि अखंड श्री सीताराम संकीर्तन के 60 दिन पूरे होना पूरे गांव के लिए श्रद्धा और प्रसन्नता का विषय है। भक्तों की इच्छा के अनुरूप संकीर्तन आगे भी निरंतर जारी रहेगा। श्री सीताराम नाम के सामूहिक जाप के माध्यम से ग्रामीणजन धार्मिक आस्था के साथ गांव में सुख, शांति और समृद्धि की कामना कर रहे हैं।


