जबलपुर ग्वारीघाट से सिलौंडी तक निकलेगी 80 किलोमीटर की भव्य कांवड़ यात्रा।
23 अगस्त को ग्वारीघाट से होगा यात्रा का शुभारंभ,24 अगस्त को सिलौंडी पहुंचकर होगा भगवान शिव का रुद्राभिषेक।
सिलौंडी। सावन माह के पावन अवसर पर सिलौंडी में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी युवाओं के उत्साह और श्रद्धा से भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन समिति के पंच रघुवीर सिंह, महेंद्र यादव एवं प्रमोद सेन ने बताया कि कांवड़ यात्रा का शुभारंभ 23 अगस्त को सुबह जबलपुर के प्रसिद्ध ग्वारीघाट से होगा। कांवड़ यात्री ग्वारीघाट से पवित्र नर्मदा जल लेकर लगभग 80 किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हुए सिलौंडी पहुंचेंगे।
यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। ग्वारीघाट से यात्रा प्रारंभ होने के बाद कांवड़ यात्री पूरे दिन पैदल यात्रा करेंगे। रात्रि विश्राम बघराजी में किया जाएगा। इसके बाद सोमवार 24 अगस्त की सुबह यात्रा पुनः सिलौंडी के लिए रवाना होगी।
आयोजन समिति के अनुसार 24 अगस्त को सुबह करीब 11 बजे कांवड़ यात्रा के सिलौंडी पहुंचने पर श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद कांवड़ यात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से होकर निकलेगी और पूरे सिलौंडी का भ्रमण करेगी। यात्रा के दौरान भगवान भोलेनाथ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय होने की उम्मीद है।
गांव भ्रमण के उपरांत कांवड़ में लाए गए पवित्र नर्मदा जल से भगवान शंकर का रुद्राभिषेक किया जाएगा। इसके साथ ही विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की जाएगी।
आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं और ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में कांवड़ यात्रा में शामिल होकर धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। कांवड़ यात्रा को लेकर सिलौंडी क्षेत्र में श्रद्धालुओं और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

