हर पात्र हितग्राही तक पहुंचेगा शासन की योजनाओं का लाभ,सांसद वी.डी.शर्मा।
बहोरीबंद में तीन दिवसीय विकासखंड स्तरीय जनकल्याण शिविर का शुभारंभ,पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने पर दिया गया जोर।
कटनी,ग्रामीण खबर MP।
शासन की जनहितैषी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से बहोरीबंद में शनिवार को तीन दिवसीय विकासखंड स्तरीय जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खजुराहो सांसद वी.डी. शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि बहोरीबंद विधायक प्रणय प्रभात पाण्डेय विशेष रूप से उपस्थित रहे। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी आमजन को प्रदान की गई तथा लाभ प्राप्त करने के लिए पंजीयन की प्रक्रिया भी संचालित की गई। शिविर के दौरान 24 आवेदकों ने विभिन्न योजनाओं के लिए अपना पंजीकरण कराया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता मेहरा, प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरसिमरनप्रीत कौर, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष राजेश चौधरी, एसडीएम प्रदीप मिश्रा, तहसीलदार आशीष अग्रवाल, जनपद पंचायत सीईओ अभिषेक सिंह, बीईओ मनोज गर्ग,शंकर महतो, प्रकाश गुप्ता,मृदुल मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि सांसद वी.डी. शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में सुशासन और जनकल्याण की नई परंपरा स्थापित हुई है। पिछले वर्षों में केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं संचालित की हैं, जिनका लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति किसी भी योजना के लाभ से वंचित न रहे।
सांसद श्री शर्मा ने ग्राम पंचायत सचिवों और ग्राम रोजगार सहायकों से अपेक्षा की कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए पात्र हितग्राहियों की पहचान करें तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनसेवा ही सच्चे अर्थों में ईश्वर सेवा है और प्रत्येक अधिकारी तथा कर्मचारी का दायित्व है कि वह समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में संवेदनशीलता के साथ कार्य करे।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि सहित अनेक योजनाओं ने लाखों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र नागरिक इन योजनाओं का लाभ लेकर अपने जीवन स्तर में सुधार ला सके।
विधायक प्रणय प्रभात पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रदेश सरकार जनकल्याण शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक सीधे पहुंच रही है। यह अभियान उन पात्र व्यक्तियों को खोजकर योजनाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास है, जो किसी कारणवश अब तक लाभ प्राप्त नहीं कर सके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
विधायक श्री पाण्डेय ने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि बहोरीबंद क्षेत्र में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास की यह गति आगे भी जारी रहेगी और क्षेत्र की जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को शासकीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों ने पात्र हितग्राहियों के आवेदन प्राप्त कर उनका पंजीयन किया तथा उन्हें योजनाओं का लाभ लेने संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
जनकल्याण शिविर का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना तथा पात्र हितग्राहियों को त्वरित और सरल तरीके से लाभ उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर का लाभ लेने की अपील भी की।

