विजयराघवगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई,अवैध रेत परिवहन करते ट्रैक्टर को किया जब्त।
बकठा घाट पर देर रात दबिश,बिना वैध दस्तावेज के रेत परिवहन करते मिले ट्रैक्टर पर बीएनएसएस एवं खनन अधिनियम के तहत कार्रवाई।
विजयराघवगढ़,ग्रामीण खबर MP।
कटनी जिले में अवैध खनन एवं रेत के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए विजयराघवगढ़ पुलिस लगातार सक्रिय कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर खनन अधिनियम एवं बीएनएसएस के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 एवं 26 जून की दरम्यानी रात पुलिस को सूचना मिली कि कटनी नदी के बकठा घाट से अवैध रूप से रेत निकालकर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से परिवहन किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां एक ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत से भरी हुई मिली, जिसे पुलिस ने रोककर चालक से रेत परिवहन से संबंधित वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा।
जांच के दौरान चालक रेत के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने बिना नंबर के ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर उपस्थित गवाहों के समक्ष धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त कर लिया तथा प्रकरण में खनन अधिनियम की धारा 4/21 के अंतर्गत विधिसम्मत कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अवैध गतिविधि पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई को सफल बनाने में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे, उपनिरीक्षक संतोष स्वामी, आरक्षक पप्पू प्रजापति तथा आरक्षक चालक मज्जू कोल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध रेत कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।

