दतला नदी के अवैध रेत मार्गों पर चला प्रशासन का बुलडोजर,चार घाटों के रैम्प और रास्ते किए ध्वस्त।

 दतला नदी के अवैध रेत मार्गों पर चला प्रशासन का बुलडोजर,चार घाटों के रैम्प और रास्ते किए ध्वस्त।

ग्राम दशरमन में जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई,अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर लगाम लगाने सुनारखेड़ा,डबरी,बम्होरी दतला एवं शंकरघाट में जेसीबी से तोड़े गए रैम्प।

कटनी,ग्रामीण खबर MP।

जिले में अवैध खनिज एवं रेत उत्खनन के विरुद्ध जिला प्रशासन का सख्त अभियान लगातार जारी है। प्रशासन द्वारा अवैध रेत कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को ढीमरखेड़ा क्षेत्र के ग्राम दशरमन स्थित दतला नदी के विभिन्न घाटों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन के लिए तैयार किए गए रैम्प एवं मार्गों को जेसीबी मशीन की सहायता से ध्वस्त कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार दतला नदी के तटीय क्षेत्रों में अवैध रूप से रेत उत्खनन कर उसके परिवहन के लिए अस्थायी रैम्प और रास्ते बनाए गए थे। इन मार्गों का उपयोग कर नदी से रेत निकालकर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों एवं अन्य वाहनों के माध्यम से परिवहन किया जा रहा था। मामले की जानकारी मिलने पर जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने का निर्णय लिया।

कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर सिलौड़ी के नायब तहसीलदार खगेश भलावी के नेतृत्व में प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। टीम ने जेसीबी मशीनों की सहायता से नदी किनारे बनाए गए अवैध रैम्पों को पूरी तरह तोड़ दिया। इसके साथ ही परिवहन के लिए तैयार किए गए मार्गों पर गहरे गड्ढे खुदवाकर उन्हें पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया गया, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार का अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन न किया जा सके।

प्रशासन की यह कार्रवाई सुनारखेड़ाघाट, डबरीघाट, बम्होरी दतलाघाट तथा शंकरघाट बम्होरी सहित दतला नदी के चार प्रमुख घाटों पर की गई। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कदम उठाए जाएंगे।

जिला प्रशासन का कहना है कि अवैध रेत उत्खनन न केवल शासन को राजस्व हानि पहुंचाता है, बल्कि नदी के प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरणीय संतुलन को भी गंभीर नुकसान पहुंचाता है। इसी कारण ऐसे मामलों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण भी किया जा रहा है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध रेत कारोबार में संलिप्त लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। भविष्य में यदि किसी भी घाट पर अवैध उत्खनन अथवा परिवहन की गतिविधि पाई जाती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध राजस्व, खनिज एवं अन्य प्रासंगिक अधिनियमों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दतला नदी के घाटों पर की गई इस कार्रवाई को अवैध रेत कारोबार के खिलाफ प्रशासन की बड़ी और प्रभावी कार्रवाई माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन के इस कदम का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र में अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सकेगा।



Post a Comment

Previous Post Next Post