अखिल भारतीय संयुक्त अधिवक्ता भारत के स्थापना दिवस पर समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी सम्मानित।

 अखिल भारतीय संयुक्त अधिवक्ता भारत के स्थापना दिवस पर समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी सम्मानित।

कटनी में आयोजित भव्य समारोह में अधिवक्ता हित,सुरक्षा और सम्मान को लेकर हुआ मंथन,मातृशक्ति एवं वरिष्ठ अधिवक्ताओं का भी किया गया अभिनंदन।

कटनी,ग्रामीण खबर MP।

अखिल भारतीय संयुक्त अधिवक्ता भारत का पांचवां स्थापना दिवस रविवार को बड़े हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन कटनी स्थित इंडियन कॉफी हाउस में अखिल भारतीय संयुक्त अधिवक्ता भारत के जिला अध्यक्ष अधिवक्ता नानक देवानी के नेतृत्व में किया गया। समारोह में देशभर में अधिवक्ता हितों, सुरक्षा, कल्याण एवं सम्मान के लिए संगठन द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा अधिवक्ताओं के अधिकारों को लेकर संगठन की भावी रणनीति पर भी विचार-विमर्श हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय संयुक्त अधिवक्ता भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रकुमार वलेजा रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय संरक्षक कैलाश नारायण गौतम ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में राष्ट्रीय सह मीडिया प्रभारी करण शाक्य कक्का, टैक्स बार लॉ एसोसिएशन के अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता हरीशचंद नारंग, उपाध्यक्ष अधिवक्ता राकेश निगम, वरिष्ठ अधिवक्ता ललित तिवारी, अधिवक्ता अशोक तिवारी, जिला अधिवक्ता संघ के उपाध्यक्ष संतु परौहा एवं वरिष्ठ अधिवक्ता राजकुमार बक्शी सहित अनेक गणमान्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत रोली-तिलक, पुष्पगुच्छ एवं अभिनंदन के साथ किया गया। स्वागत समारोह में जिला अध्यक्ष अधिवक्ता नानक देवानी, जिला अधिवक्ता संघ कार्यकारिणी सदस्य मांडवी पांडेय, अधिवक्ता शिखा पांडेय, अधिवक्ता वीणा नामदेव, अधिवक्ता पूनम रैदास तथा समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी सहित मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कार्यक्रम का सफल संचालन अधिवक्ता मीना सिंह बघेल द्वारा किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने अधिवक्ता समाज की चुनौतियों, सुरक्षा संबंधी मुद्दों तथा न्याय व्यवस्था में अधिवक्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। साथ ही महिला अधिवक्ताओं एवं मातृशक्ति के सम्मान और सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

स्थापना दिवस के अवसर पर संगठन से जुड़े वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्ताओं, मातृशक्ति तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों का स्मृति प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। इसी क्रम में समाजसेवा, जनकल्याण एवं मानवता के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों के लिए समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी को मंचासीन अतिथियों के करकमलों द्वारा स्मृति प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने उनके सामाजिक सरोकारों एवं जनहित के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहने की शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

कार्यक्रम में संगठन को सहयोग प्रदान करने वाली समाजसेवी लता खरे, अधिवक्ता वंदना झामनानी, अधिवक्ता मनु साहू, अधिवक्ता अरुण जैसवानी, अधिवक्ता उमाकांत पटेल, अधिवक्ता निगार सुल्ताना, मुस्कान चीजवानी, वंदना गैलानी सहित बड़ी संख्या में महिला अधिवक्ता एवं अधिवक्ता साथी उपस्थित रहे। सभी की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष स्वरूप प्रदान किया।

समारोह के अंत में सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं उपस्थित अधिवक्ताओं के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित यह कार्यक्रम संगठन की एकता, अधिवक्ता हितों के प्रति प्रतिबद्धता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया।



Post a Comment

Previous Post Next Post