मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक में सर्वधर्म जनसेवा समिति ने लगाया पल्स पोलियो बूथ,करीब 200 बच्चों को पिलाई गई जीवनरक्षक दवा।
राष्ट्रीय पल्स पोलियो महाअभियान के तहत तीन दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ,समाजसेवियों ने अभिभावकों को स्वास्थ्य,स्वच्छता और शिक्षा के प्रति किया जागरूक।
कटनी,ग्रामीण खबर MP।
राष्ट्रीय पल्स पोलियो महाअभियान के अंतर्गत जिले में 28 जून से 30 जून तक चलाए जा रहे तीन दिवसीय अभियान के प्रथम दिवस मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक स्थित यूपीएचसी वंशकार, प्रेमनगर बस्ती, रफी अहमद किदवई वार्ड क्रमांक-16 में सर्वधर्म जनसेवा समिति के तत्वावधान में विशेष पल्स पोलियो बूथ का आयोजन किया गया। इस दौरान लगभग 200 नन्हे-मुन्ने बच्चों को "दो बूंद जिंदगी की" जीवनरक्षक पोलियो की खुराक पिलाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अनुसूचित जनजातीय बालक छात्रावास अधीक्षक ए. के. मेहरा द्वारा बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सर्वधर्म जनसेवा समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश सैनी ने की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में शहरी क्षेत्र की एएनएम सुलोचना सिंह, आशा कार्यकर्ता गौरी गोस्वामी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी ने उपस्थित अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को समय पर पल्स पोलियो की खुराक दिलाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए सरकार द्वारा संचालित इस अभियान में प्रत्येक परिवार की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण पर विशेष ध्यान देने का आग्रह करते हुए कहा कि भोजन करने से पहले बच्चों के हाथ साबुन से अच्छी तरह धुलवाने की आदत विकसित करें तथा उन्हें नियमित रूप से शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़कर उनके उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें।
कार्यक्रम के दौरान सर्वधर्म जनसेवा समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश सैनी ने बूथ पर पहुंचे बच्चों एवं उनके अभिभावकों का उत्साहवर्धन करते हुए बच्चों को बिस्कुट एवं ट्रॉफियां वितरित कीं। इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना करते हुए इसे सामाजिक सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।
कार्यक्रम में संजीवनी क्लीनिक की सहायक मुस्कान तिवारी, सक्रिय स्टाफ सदस्य अंकित बर्मन सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के बच्चे, उनके अभिभावक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने राष्ट्रीय पल्स पोलियो महाअभियान को सफल बनाने का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने का संदेश दिया।
गौरतलब है कि 28 जून से प्रारंभ हुआ यह राष्ट्रीय पल्स पोलियो महाअभियान 30 जून तक जिलेभर में संचालित किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग एवं सामाजिक संगठनों की संयुक्त सहभागिता से घर-घर और बूथों पर पहुंचकर पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाई जा रही है, ताकि पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।

