मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिले विधायक संजय सत्येंद्र पाठक,विजयराघवगढ़ के विकास और सिंचाई परियोजनाओं को लेकर हुई विस्तृत चर्चा।
566 करोड़ की बरही सूक्ष्म उद्वहन सिंचाई योजना पर मुख्यमंत्री का जताया आभार,कुटेश्वर पुल,बरही बायपास,जलाशयों के जीर्णोद्धार और नई लिफ्ट सिंचाई परियोजनाओं को शीघ्र गति देने का किया आग्रह।
कटनी,ग्रामीण खबर MP।
विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास, किसानों की सिंचाई सुविधाओं के विस्तार तथा आधारभूत संरचनाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से राजधानी भोपाल में सौजन्य भेंट कर विभिन्न महत्वपूर्ण विकास योजनाओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। इस दौरान विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से लंबित परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति एवं गति प्रदान करने का आग्रह करते हुए क्षेत्रीय जनता की आवश्यकताओं और किसानों की समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
बैठक के दौरान विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के किसानों के हित में स्वीकृत 566 करोड़ रुपये लागत की बरही सूक्ष्म उद्वहन सिंचाई योजना के लिए विशेष रूप से धन्यवाद एवं आभार ज्ञापित किया। विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने कहा कि यह योजना क्षेत्र की कृषि व्यवस्था में ऐतिहासिक परिवर्तन लाने वाली साबित होगी। इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद लगभग 50 हजार एकड़ कृषि भूमि सिंचित होगी, जिससे हजारों किसानों को वर्षभर खेती के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने कहा कि सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से किसानों की आय में वृद्धि होगी और क्षेत्र में कृषि उत्पादन को भी नई दिशा मिलेगी।
विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने मुख्यमंत्री को बताया कि विजयराघवगढ़ विधानसभा का बड़ा हिस्सा कृषि आधारित है और यहां के किसान लंबे समय से पर्याप्त सिंचाई संसाधनों की मांग करते आ रहे थे। बरही सूक्ष्म उद्वहन सिंचाई योजना से किसानों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की किसान हितैषी सोच की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार लगातार ग्रामीण और कृषि क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दे रही है।
भेंट के दौरान विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने बरही-मैहर मार्ग पर लगभग 93 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्निर्मित होने वाले महत्वपूर्ण कुटेश्वर पुल के कार्य को विभागीय स्तर पर तेजी से आगे बढ़ाने का अनुरोध भी किया। उन्होंने कहा कि यह पुल क्षेत्र की यातायात व्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसके निर्माण से हजारों लोगों को आवागमन में सुविधा प्राप्त होगी। विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि बरसात के समय इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित होता है, जिससे आम जनता और व्यापारिक गतिविधियों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने पुल निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने की मांग की।
इसके साथ ही विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने बरही नगर में लंबे समय से प्रस्तावित बायपास निर्माण के लिए भू-अर्जन प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कराने हेतु आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बरही नगर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव के कारण आम नागरिकों को जाम और दुर्घटनाओं की समस्या का सामना करना पड़ता है। बायपास निर्माण से नगर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होगा और लोगों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी। विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने कहा कि बरही क्षेत्र के विकास और व्यापारिक गतिविधियों को गति देने के लिए यह परियोजना अत्यंत आवश्यक है।
विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में सिंचाई सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से खितौली, जगुआ, पत्थरहटा, सिजहनी, देवसरी इंदौर तथा घुनसुर जलाशयों के जीर्णोद्धार और नहरों की लाइनिंग के कार्यों को जल्द स्वीकृति प्रदान कर शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि इन जलाशयों के जीर्णोद्धार से जल संरक्षण क्षमता बढ़ेगी तथा किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने बताया कि कई नहरें वर्षों पुरानी होने के कारण क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, जिससे पानी का पर्याप्त उपयोग नहीं हो पा रहा है। नहरों की लाइनिंग होने से पानी की बर्बादी रुकेगी और अंतिम छोर तक खेतों को सिंचाई सुविधा मिल सकेगी।
विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को यह भी बताया कि विधानसभा क्षेत्र के कई गांव अब भी पर्याप्त सिंचाई सुविधाओं से वंचित हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने बड़वारा जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत परसवारा के समीप महानदी एवं उमराड नदी के संगम से प्रस्तावित नई लिफ्ट सिंचाई परियोजना का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने आग्रह किया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) शीघ्र तैयार कर विभागीय स्तर पर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए जाएं, ताकि विधानसभा क्षेत्र के शेष गांवों और खेतों तक भी सिंचाई का पानी पहुंचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि यह प्रस्तावित लिफ्ट सिंचाई परियोजना क्षेत्र के उन किसानों के लिए वरदान साबित होगी, जिनकी खेती आज भी बारिश पर निर्भर है। परियोजना के लागू होने से कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी, किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न होंगे। विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने कहा कि प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से वे लगातार क्षेत्र के विकास के लिए प्रयासरत हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधायक संजय सत्येंद्र पाठक द्वारा उठाए गए विषयों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने तथा परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश देने का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों और ग्रामीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा सिंचाई सुविधाओं के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र की सिंचाई, सड़क और आधारभूत संरचना से जुड़ी इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री और विधायक संजय सत्येंद्र पाठक के बीच हुई यह विस्तृत चर्चा क्षेत्र के विकास के लिए बेहद अहम मानी जा रही है। क्षेत्रीय नागरिकों और किसानों को उम्मीद है कि इन योजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन से विजयराघवगढ़ विधानसभा विकास की नई दिशा में आगे बढ़ेगी तथा किसानों को लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से राहत मिल सकेगी।

