मिलावटखोरों और गैस जमाखोरों पर प्रशासन का शिकंजा,बरही में बड़ी कार्रवाई।
जांच के दौरान अवैध एलपीजी सिलेंडर जब्त,होटल व बाजार से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
कटनी,ग्रामीण खबर MP।
जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट और घरेलू गैस सिलेंडरों की जमाखोरी एवं कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को बरही तहसील क्षेत्र में संयुक्त जांच टीम ने सघन कार्रवाई की।
तहसीलदार संतोष कुमार श्रीवास्तव, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी यज्ञ दत्त त्रिपाठी एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओ.पी. साहू की टीम ने क्षेत्र के विभिन्न होटल एवं प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान अवैध एलपीजी सिलेंडर के उपयोग और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की गई।
जांच के दौरान मेब्बू होटल, उमेश होटल, अग्रवाल होटल एवं गीतांजली इन होटल का निरीक्षण किया गया। इनमें मेब्बू होटल में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। यहां एक कॉमर्शियल और एक घरेलू एचपीसीएल गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था, जो नियमों के विरुद्ध है। इसके अलावा मौके पर 13 उपभोक्ताओं के गैस कार्ड भी पाए गए।
होटल संचालक मेवा लाल बर्मन से जब कॉमर्शियल सिलेंडर के संबंध में दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई वैध प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। उपभोक्ता कार्डों के संबंध में भी संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। इस पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों गैस सिलेंडर और संबंधित उपभोक्ता कार्ड जब्त कर लिए। प्रकरण तैयार कर कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा मेब्बू होटल से मगज लड्डू और बेसन के नमूने लिए गए, जिन्हें परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। इसके अलावा बाजार क्षेत्र में बतासा निर्माता रामाश्रय जायसवाल से भी बतासे का नमूना जांच हेतु संग्रहित किया गया।
अन्य प्रतिष्ठानों में जांच के दौरान स्थिति सामान्य पाई गई और कोई बड़ी अनियमितता नहीं मिली। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मिलावटखोरी और अवैध गैस उपयोग के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
