मझौली में गैंगवार से दहला कस्बा,पुरानी रंजिश में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष,कार फूंकी,पथराव और लाठी-रॉड से ताबड़तोड़ हमले।
लड़की से बातचीत के विवाद ने लिया हिंसक रूप,बाजार प्लाट बना रणक्षेत्र,दोनों पक्षों पर क्रॉस एफआईआर,16 से अधिक नामजद आरोपी पुलिस रडार पर।
मझौली,ग्रामीण खबर MP।
शुक्रवार की रात मझौली कस्बे का बाजार प्लाट क्षेत्र उस समय दहशत और अफरा-तफरी का केंद्र बन गया, जब पुरानी रंजिश और एक युवती से बातचीत को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप धारण कर लिया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे, बेसबॉल बैट, लोहे की रॉड तथा पत्थरों से जमकर खूनी संघर्ष शुरू हो गया। इस दौरान एक कार को आग के हवाले कर दिया गया, जबकि दूसरी कार में तोड़फोड़ की गई। देर रात तक चले इस बवाल से पूरे कस्बे में भय और तनाव का माहौल व्याप्त हो गया।
घटना के बाद मझौली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत 16 से अधिक नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण कायम किया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार प्रथम पक्ष के फरियादी हर्ष राज सराफ ने शिकायत दर्ज कराई है कि इंदाना रोड स्थित उनकी सोने-चांदी की दुकान पर शुक्रवार शाम कुछ युवक पहुंचे और उनके कर्मचारी संस्कार मिश्रा को धमकाते हुए चले गए। आरोप है कि रात करीब 9:15 बजे जब हर्ष राज अपने साथियों अभिषेक दुबे और आशुतोष सोनी के साथ बाजार प्लाट क्षेत्र से गुजर रहे थे, तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया।
शिकायत के अनुसार राकेश परोहा, अनुज परोहा, मनोज परोहा, अभिषेक परोहा, आयुष परोहा, अभिजीत परोहा, पुष्पेंद्र परोहा एवं स्वयं प्रकाश तिवारी सहित अन्य लोगों ने उन्हें घेरकर गाली-गलौज की और लाठी, डंडे, बेसबॉल बैट तथा लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में हर्ष राज, आशुतोष सोनी और अभिषेक दुबे को गंभीर चोटें आईं। बताया गया कि बीच-बचाव करने आए लोगों के सामने भी आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने इस शिकायत पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
वहीं दूसरे पक्ष के फरियादी स्वयं प्रकाश तिवारी ने पूरी घटना की जड़ एक पुराना पारिवारिक विवाद और युवती से बातचीत को बताया है। उनके अनुसार उनकी पुत्री अपर्णा मझौली में अपने रिश्तेदारों के यहां रहकर पढ़ाई कर रही है। लगभग छह माह पूर्व हर्ष सोनी को युवती से बातचीत करते देखा गया था। समझाइश और विरोध के बावजूद मामला शांत नहीं हुआ और बाद में यह विवाद और गहरा गया। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व में इस संबंध में कटनी के महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है।
स्वयं प्रकाश तिवारी के अनुसार शुक्रवार रात हर्ष सोनी अपने कई साथियों के साथ राकेश परोहा के घर पहुंचा और वहां गाली-गलौज करते हुए पथराव शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान घर के बाहर खड़ी वेगनार कार में आग लगा दी गई, जिससे वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। वहीं पास में खड़ी दूसरी कार में भी तोड़फोड़ की गई।
शिकायत में कहा गया है कि जब पीड़ित पक्ष रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने जा रहा था, तभी बाजार प्लाट क्षेत्र में दोबारा उनका सामना आरोपियों से हो गया। इस दौरान फिर मारपीट हुई, जिसमें कई लोगों को चोटें आईं। घायल व्यक्तियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
इस सनसनीखेज घटना ने पूरे मझौली कस्बे को झकझोर कर रख दिया है। बाजार क्षेत्र में खुलेआम पथराव, मारपीट और आगजनी की घटना से व्यापारी वर्ग तथा स्थानीय नागरिकों में गहरा आक्रोश और चिंता देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस हस्तक्षेप नहीं करती तो स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती थी।
घटना के बाद पुलिस ने क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए निगरानी बढ़ा दी है। मामले की विवेचना प्रधान आरक्षक (कार्यवाहक) दशेंद्र कुमार दीक्षित को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन पुलिस पूरे घटनाक्रम पर कड़ी नजर बनाए हुए है।
मझौली की यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि व्यक्तिगत विवाद जब कानून के दायरे से बाहर निकलकर हिंसा का रूप ले लेते हैं तो उसका खामियाजा पूरे समाज को भुगतना पड़ता है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई और आगामी जांच पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

