सिलौंडी में भाजपा प्रदेश संयोजक श्याम निषाद का भव्य स्वागत,सामाजिक एकजुटता और शिक्षा पर दिया गया विशेष बल।
सामाजिक बैठक में युवाओं को स्वरोजगार,बच्चों की शिक्षा और समरसता के संदेश के साथ हुआ सम्मान समारोह।
सिलौंडी,ग्रामीण खबर MP।
सिलौंडी में भारतीय जनता पार्टी के मछुआरा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक श्याम निषाद के आगमन पर समाजजनों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के दौरान फूल-मालाओं से स्वागत कर तिलक-वंदन किया गया तथा उपस्थित लोगों ने उनका आत्मीय सम्मान करते हुए समाज के विकास और संगठन की मजबूती का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम की शुरुआत पंचमुखी दरबार परिसर में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर की गई। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं समाजजनों ने इसे प्रकृति संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
इसके उपरांत सिलौंडी स्थित नेगाई मांझी समाज के सामाजिक भवन में समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं एवं गणमान्य नागरिकों ने सामाजिक विकास, शिक्षा, संगठन की मजबूती तथा समाज के आर्थिक उत्थान जैसे विषयों पर विस्तार से अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति शिक्षा, जागरूकता और आपसी एकता से ही संभव है।
प्रदेश संयोजक श्याम निषाद ने अपने संबोधन में कहा कि आज का युवा यदि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं स्वरोजगार योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने का संकल्प ले, तो वह न केवल अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकता है बल्कि समाज के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा बन सकता है। उन्होंने युवाओं से सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिकतम लाभ लेने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री के "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के मूल मंत्र को अपनाते हुए सामाजिक समरसता, भाईचारे और विकास के मार्ग पर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
बैठक में समाज के वरिष्ठजनों ने बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि बदलते समय में शिक्षा ही वह सबसे बड़ा माध्यम है, जिसके जरिए समाज आर्थिक, सामाजिक और बौद्धिक रूप से मजबूत बन सकता है। समाज के प्रत्येक परिवार को अपने बच्चों, विशेषकर बेटियों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ी आत्मनिर्भर और जागरूक बन सके।
सरपंच पंचो संतोष बर्मन ने अपने संबोधन में समाज के सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक माता-पिता अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें तथा उनकी शिक्षा में किसी भी प्रकार की कमी न आने दें। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही विकसित समाज की पहचान होता है और शिक्षा से ही समाज नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकता है।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक एकता, संगठन की मजबूती, युवाओं के नेतृत्व विकास तथा समाज के सर्वांगीण उत्थान को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित समाजजनों ने शिक्षा, रोजगार, सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मनीष सिंह बागरी, मंडल उपाध्यक्ष अमित राय, सरपंच पंचो संतोष कुमार, संतोष निषाद, शिकुमार मांझी, प्रवीण बर्मन सहित सकल निषाद समाज के वरिष्ठजन, युवा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।

