महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने मील का पत्थर साबित हो रही लाड़ली बहना योजना : अशोक विश्वकर्मा।
लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत बैंक खातों में राशि का आंतरण।
कटनी,ग्रामीण खबर MP।
मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी एवं जनकल्याणकारी लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत जिले की पात्र महिलाओं के बैंक खातों में किस्त राशि के अंतरण को लेकर बस स्टैंड स्थित ऑडिटोरियम में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता महेरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरमनप्रीत कौर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। आयोजन के दौरान सिंगल क्लिक के माध्यम से जिले की 2 लाख 38 हजार से अधिक लाड़ली बहनों के बैंक खातों में 35 करोड़ 04 लाख रुपये से अधिक की राशि का आंतरण किया गया। राशि खाते में पहुंचते ही कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित बहनों के चेहरों पर खुशी, संतोष और आत्मविश्वास साफ दिखाई दिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा ने कहा कि लाड़ली बहना योजना महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उन्हें आत्मनिर्भर, सशक्त और सम्मानजनक जीवन जीने की दिशा में आगे बढ़ाने वाली योजना है। उन्होंने कहा कि आर्थिक संबल मिलने से महिलाएं अपने परिवार की जरूरतों में सहयोग कर पा रही हैं और निर्णय लेने की प्रक्रिया में उनकी भागीदारी भी बढ़ी है।
उन्होंने उपस्थित महिलाओं से अपील की कि वे स्वयं शिक्षा के प्रति जागरूक रहें और अपने बच्चों, विशेषकर बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि शिक्षित और जागरूक महिला ही परिवार और समाज को सही दिशा दे सकती है। यदि आज बेटियों को शिक्षा और अवसर मिलेंगे तो आने वाली पीढ़ी स्वतः ही मजबूत, आत्मनिर्भर और स्वाभिमानी बनेगी।
कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन एवं सामाजिक जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों द्वारा योजना से संबंधित जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि शासन का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है।
कार्यक्रम में उपस्थित लाड़ली बहनों ने शासन की इस योजना के प्रति आभार व्यक्त किया। बहनों ने कहा कि लाड़ली बहना योजना से उन्हें आर्थिक स्थिरता मिली है, जिससे घरेलू जरूरतें पूरी करने में सहायता मिल रही है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस योजना के कारण वे स्वयं को पहले से अधिक सुरक्षित, आत्मविश्वासी और आत्मनिर्भर महसूस कर रही हैं।
लाड़ली बहना योजना के माध्यम से महिलाओं के जीवन में आ रहे सकारात्मक बदलावों को देखते हुए यह स्पष्ट कहा जा सकता है कि यह योजना समाज में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक मजबूत, प्रभावी और दूरगामी परिणाम देने वाला कदम सिद्ध हो रही है।
ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी। संपर्क:9977110734
