शासकीय योजनाओं के प्रभाव का हो दस्तावेजीकरण।

 शासकीय योजनाओं के प्रभाव का हो दस्तावेजीकरण।

हितग्राहियों के जीवन में आए बदलाव को करें प्रकाशित,कलेक्टर अंशुल गुप्ता।

विदिशा,ग्रामीण खबर MP।

कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने निर्देश दिए हैं कि कृषि विभाग के माध्यम से किसानों एवं हितग्राहियों को वितरित किए जाने वाले सभी हितलाभ ग्राम पंचायत भवनों में विधिवत कार्यक्रम आयोजित कर सुपात्र हितग्राहियों को प्रदान किए जाएं। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर श्री गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हितलाभ वितरण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया जाए कि संबंधित हितग्राही योजनाओं से प्राप्त सामग्री, उपकरण अथवा अन्य सहायता का सही एवं उपयोगी तरीके से सदुपयोग कर रहे हैं या नहीं। इसके लिए नियमित निगरानी व्यवस्था विकसित करने तथा मैदानी अमले के माध्यम से सतत फॉलोअप करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य हितग्राहियों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। इसलिए विभागीय अधिकारी हितग्राहियों से संवाद स्थापित कर यह जानकारी संकलित करें कि योजना का लाभ मिलने के बाद उनकी आर्थिक स्थिति, आय, कृषि उत्पादन अथवा आजीविका में क्या बदलाव आया है।

कलेक्टर ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि ऐसे प्रेरणादायी उदाहरणों को “तब और अब” स्वरूप में दस्तावेजीकृत कर प्रकाशित कराया जाए, ताकि अन्य जरूरतमंद लोग भी योजनाओं से प्रेरित होकर लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि योजनाओं के सफल क्रियान्वयन और प्रभावी मॉनिटरिंग से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा किसानों का जीवन स्तर बेहतर होगा।

ग्रामीण खबर MP-

जनमानस की निष्पक्ष आवाज

विदिशा जिला ब्यूरो यशवंतसिंह रघुवंशी ,

Post a Comment

Previous Post Next Post